लखनऊ। कोरोना वायरस के चलते कुछ लोग तो इसका फायदा उठाने की जुगत में भी लग गए हैं। यूपी की राजधानी लखनऊ की वजीरगंज पुलिस ने सीएमओ की शिकायत पर अहमद सिद्दीकी नाम के ढोंगी तांत्रिक बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया है। अहमद सिद्दीकी ने अपनी दुकान के बाहर बोर्ड लगा रखा था, जिसमें साफ लिखा था जो लोग मास्क नहीं खरीद सकते हैं वह उसका सिद्ध किया हुआ ताबीज खरीदें। वह सिर्फ 11 रुपए में ताबीज बेच रहा था। उसका दावा था कि इस ताबीज के बांधने से कोरोना वायरस से इंफेक्शन का खतरा जीवनभर के लिए टल जाएगा। जब इसकी बात लोगों को पता चली कि तो लोगों ने इस उसके बैनर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
इसके बाद यह बात सीएमओ तक पहुंची तो सीएमओ ने यह जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद वजीरगंज पुलिस ने अहमद सिद्दीकी को धोखाधड़ी की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। लखनऊ के एडिशनल सीपी (पश्चिम) विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सीएमओ की ओर से शिकायत मिलने पर धोखाधड़ी की धाराओं के तहत देर रात जवाहर नगर निवासी अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया गया है। उनके मुताबिक, आरोपी खुद को कोरोना वाला बाबा बताकर ताबीज बेच कर लोगों से ठगी कर रहा था।
राजधानी में निरंतर बढ़ रहा कोरोना वायरस का खतरा
बता दें कि कोरोना वायरस का खतरा राजधानी में निरंतर बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को लखनऊ में कोरोना के दो केस पॉजिटिव पाए जाने से पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा रहा, वहीं 11 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में आइसोलेट किया गया है। सिविल अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल, राम मनोहर लोहिया संस्थान के चिकित्सकों को ड्यूटी पर लगाया गया है, जो आइसोलेट किए गए संदिग्धों पर नजर रख रहे हैं।
यूपी में कोरोना के 12 रोगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि यूपी में कोरोना वायरस के अब तक 12 रोगी पाए गए हैं। इनमें से सात आगरा, दो गाजियाबाद और एक मरीज नोएडा एवं 2 लखनऊ के हैं। इनमें से 10 का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और 2 का इलाज लखनऊ के केजीएमयू में हो रहा है। वहीं, नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है, जिसके बाद कंपनी के 707 कर्मचारियों को निगरानी में रखा गया है।